कासगंज। सदर थाने से महज 250 मीटर दूर किराना की दुकान का शटर तोड़कर मंगलवार की रात चोर 25 हजार कैश समेत अन्य सामान ले गए। बारहद्वारी चौराहा पर मुख्य बाजार में चोरी की वारदात से खलबली मच गई। व्यापारियों ने पुलिस की बाजार में रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं।
बारहद्वारी निवासी शिवम माहेश्वरी की किराना की दुकान है। वह मंगलवार की रात करीब 9 बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे। देर रात चोर उनकी दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुस गए। चोर दुकान में रखी नकदी व अन्य सामान चुरा कर ले गए। उन्होंने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 6 बजे बारहद्वारी पर बर्फ बेचने वाले हीरा लाल ने फोन कर उन्हें चोरी के बारे में जानकारी दी। वह मौके पर पहुंचे तो दुकान का शटर टूटा पड़ा था। दुकान में रखा सामान बिखरा पड़ा हुआ था।
किराना की दुकान में चोरी होने की जानकारी पर पास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सदर आंचल चौहान ने मौके पर पहुंचकर चोरी के बारे में पूछताछ की। शिवम ने बताया कि चोर दुकान में रखे 25 हजार रुपये व अन्य सामान चोरी कर ले गए। मामले में दुकानदार ने पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाने से 250 मीटर की दूरी पर बारहद्वारी में चोरी की वारदात से व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े किए। सीओ आंचल चौहान ने बताया कि चोरी के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीसीटीवी की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।