कासगंज। पुलिस अभिरक्षा में आत्महत्या की कोशिश करने वाले युवक गौरव की स्थिति अभी खतरे से बाहर नहीं है। उसका इलाज अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की टीम गौरव की गहन चिकित्सा में जुटी हुई है। परिवार के लोग तीन दिन के बाद भी सेहत में अपेक्षित सुधार न होने के कारण चिंतित बने हुए हैं। पुलिस का कहना है कि लगातार मेडिकल कॉलेज में युवक की बेहतर चिकित्सा कराई जा रही है।
9 फरवरी को घटना के बाद युवक को पूर्वाह्न करीब 11 बजे के बाद अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनवाकर युवक को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने के बाद से उसकी गहन चिकित्सा जारी है। वेंटीलेटर पर युवक को रखा गया है। लगातार युवक के परीक्षण भी हो रहे हैं। शनिवार को युवक की सेहत में मामूली सुधार हुआ। इसके बाद और सुधार अभी तक नहीं हो सका है। हालात स्थिरता वाले बने हुए हैं। ऐसी स्थिति देखकर परिवार के लोगों की चिंताएं बढ़ रही हैं। युवक के बहनोई जसवीर ने बताया कि अभी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा। उसकी सेहत के लिए प्रार्थना की जा रही है।
युवक की चिकित्सा अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में चल रही है। सेहत में चिकित्सकों ने मामूली सुधार बताया है। युवक को अच्छा उपचार मिलता रहे यह व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।- अपर्णा रजत कौशिक, एसपी।