वर्ल्ड बैंक की मदद से आगरा और मथुरा में पर्यटन विकास के काम अक्तूबर से शुरू हो जाएंगे। गुरुवार को सर्किट हाउस में वर्ल्ड बैंक की टीम के साथ मंडलायुक्त की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें तय किया गया कि आगरा में सबसे पहले ताजमहल और आगरा किला के बीच वॉक वे एवं महताब बाग-कछपुरा का सौंदर्यीकरण और मथुरा-वृंदावन में कृष्णा वन तथा बांके बिहारी मंदिर पर ट्रैफिक सुधार का काम शुरू किया जाए।
वर्ल्ड बैंक की मदद से राज्य सरकार प्रो-पूअर डेवलपमेंट के तहत अरबों रुपये के पर्यटन विकास योजनाओं पर कवायद कर रही है। वर्ल्ड बैंक की टीम ने गुरुवार को मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर की अध्यक्षता में सर्किट हाउस में बैठक की। इस बैठक में वर्ल्ड बैंक ने पहले चरण में वित्तीय मदद देने वाले मुद्दों पर चर्चा की। वर्ल्ड बैंक मुगल म्यूजियम, मुगल गार्डन समेत रूरल टूरिज्म की योजनाओं की फंडिंग को तैयार है, लेकिन सबसे पहले दोनो वर्ल्ड हेरिटेज मॉन्यूमेंट आगरा किला और ताजमहल के बीच वॉक वे को बनाया जाएगा। इसके साथ ही महताब बाग और कछपुरा में प्रो पूअर डेवलपमेंट की योजनाओं के तहत काम होंगे। टीम ने पालीवाल पार्क स्थित जोंस पब्लिक लाइब्रेरी और ताज म्यूजियम का निरीक्षण किया। इस म्यूजियम और लाइब्रेरी के विकास की योजना भी है। सर्किट हाउस पर हुई बैठक में एडीए उपाध्यक्ष मनीषा त्रिघाटिया, पर्यटन उप निदेशक अनूप श्रीवास्तव, मुख्य नगर नियोजक इश्तियाक अहमद तथा सीओ ताज सुरक्षा भी मौजूद रहे।
वर्ल्ड बैंक ये कराएगा काम
- ताजमहल के पास मुगल म्यूजियम की स्थापना
- ‘आगरा बियांड ताज’ की ब्रांडिंग और प्रचार
- पर्यटकों के लिए विजिटर सेंटर की स्थापना
- ताजमहल पर एकीकृत पर्यटन विकास
- ताजमहल-आगरा किला के बीच वॉक वे
- ताज पश्चिमी गेट पर मल्टी लेवल पार्किंग
- हेरिटेज वॉक का आयोजन और प्रचार
- पर्यटन स्थलों, स्मारकों पर साइनेज
- मुगल गार्डन को पुनर्जीवित करने का काम
- स्मारकों तक पहुंच मार्गों का निर्माण