फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अहमद फाइटर्स के मुक्केबाजों का दबदबा

Fri, 12 Jun 2015 02:36 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
जिला बॉक्सिंग संघ की ओर से बाहियाज आगरा बॉक्सिंग एकेडमी में गुरुवार से तीन दिवसीय जिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता (प्रेसिडेंट कप ) का आयोजन किया गया। पहले दिन अहमद फाइटर्स टीम के मुक्केबाजों का दबदबा रहा। कॉमनवेल्थ खेलों में पहला स्वर्ण पदक जीतने वाले अर्जुन एवार्डी मोहम्मद अली कमर भी आयोजन में शामिल हुए।
विज्ञापन

उद्घाटन राज्यमंत्री रामसकल गुर्जर ने किया। समारोह की अध्यक्षता बॉक्सिंग संघ के मुख्य संरक्षक गजेंद्र सिंह ने की। प्रतियोगिता में राजपुर रॉयल्स, अली कमर वारियर्स, अहमद फाइटर्स और गौतम राइडर्स की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। निर्णायकों में वीरेंद्र तोमर, दीपक मिस्त्री, रविकांत शर्मा, असलम खान, योगेंद्र भारद्वाज, दीपनारायण आदि रहे। जिलाध्यक्ष रवि शक्ति आदि मौजूद रहे। प्रतियोगिता के कोऑर्डिनेटर गौतम पांडेय ने बताया कि शुक्रवार के पहले सत्र के मुकाबले सुबह सात बजे और दूसरे सत्र के शाम पांच बजे से होंगे।

संघों के विवाद से खिलाड़ियों का नुकसान: अली कमर
आगरा (ब्यूरो)। भारतीय बॉक्सिंग चयनकर्ता टीम के सदस्य अर्जुन एवार्डी मोहम्मद अली कमर ने बातचीत में बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर खेल संघों के विवाद से खिलाड़ियों का नुकसान हो रहा है। पिछले तीन-चार वर्षों से नेशनल चैंपियनशिप न होने से नए खिलाड़ियों को मंच नहीं मिल पा रहा है।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि 2016 में होने वाले ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करना अब और कठिन हो गया है। पहले नेशनल खेलने के बाद खिलाड़ियों को सीधे वर्ल्ड चैंपियनशिप में भेज दिया जाता था। उसमें क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने पर ओलंपिक में खेलना पक्का हो जाता था। अब एशियन चैंपियनशिप खेलने के बाद खिलाड़ी वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा ले सकेंगे। उसके बाद ओलंपिक के लिए क्वालिफाई होंगे। उन्होंने बताया कि दोहा में हुई आमंत्रण प्रतियोगिता में शिव थापा, देवेंद्रु सिंह, विकास कृष्ण, मनदीप जाबड़ा ने अच्छा प्रदर्शन किया। इनसे ओलंपिक में पदक लाने की उम्मीद है। हेड गार्ड हटाने के फैसले का उन्होंने समर्थन किया। कहा, इंजरी बढ़ी जरूर है, लेकिन खिलाड़ियों के चेहरे की पहचान भी बन रही है। मैच के दौरान स्कोरिंग न दिखाने को भी ठीक बताया। जीतने वाले खिलाड़ी अंतिम राउंड में साइड स्टेपिंग करने लगते थे, इससे दर्शकों का उत्साह कम होता था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें