मैनपुरी। मोहल्ला हरिदर्शन नगर में रविवार की दोपहर मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे पर प्लास्टर कर रहे राजमिस्त्री और मजदूर पर दीवार पलट गई। मलबे के नीचे दबने से राजमिस्त्री की मौत हो गई। मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
शहर के हरिदर्शन नगर शिव मंदिर के पास रहने वाले रामशरण वर्मा के घर में तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार को राजमिस्त्री 62 वर्षीय जोगराज सिंह निवासी नगला मंगली भोगांव ने छज्जे की दीवार बनाई थी। रविवार की दोपहर वह मजदूर 60 वर्षीय अभिनंदन निवासी गांव ललूपुर कोतवाली के साथ दीवार पर प्लास्टर कर रहे थे। अचानक छज्जे की दीवार भर भराकर राजमिस्त्री व मजदूर पर पलट गई। दोनों मलबे सहित नीचे सड़क पर आकर गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर भगदड़ मच गई। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने राजमिस्त्री जोगराज को मृत घोषित कर दिया।