मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को एक विधवा महिला की मौत हो गई। अंतिम संस्कार को ले जाते समय गांव के कुछ लोगों ने रोक कर पोस्टमार्टम कराने की बात कही, महिला के चरित्र पर आरोप लगाए। हंगामे की सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी ने स्थिति को संभाला और अंतिम संस्कार कराया। मृतका के पुत्र ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
एलाऊ क्षेत्र के एक गांव निवासी एक विधवा महिला की मंगलवार को बीमारी के चलते मौत हो गई। पति की कुछ वर्ष पहले ही मौत हो चुकी थी। परिजन जब शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे तभी डिप्टी सिंह, देवेंद्र, संदीप पाल और प्रदीप वहां आए और शव को रोक दिया। कहने लगे वह लोग पोस्टमार्टम कराएंगे। डिप्टी सिंह ने मृतका पर चारित्रिक आरोप लगाए। विरोध करने पर परिजन से गाली गलौज करते हुए हंगामा करने लगे। सूचना मिलने के बाद सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, किशनी विधायक ब्रजेश कठेरिया भी पहुंचे। विवाद को शांत कराने के बाद शव का अंतिम संस्कार कराया। थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी ने बताया कि मृतका के पुत्र की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी।