आगरा। वाराणसी–साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू होने जा रहा है। ट्रेन वाराणसी से 2 नवंबर और साबरमती से 4 नवंबर से प्रतिदिन चलेगी। दैनिक ट्रेन का आगरा में ईदगाह स्टेशन पर दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव होगा।
रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि गाड़ी संख्या 12206 वाराणसी-साबरमती एक्सप्रेस वाराणसी से शाम 5:30 बजे चलेगी। ईदगाह स्टेशन पर अगले दिन सुबह 4:40 से 4:45 बजे तक रुकेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 12205 साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस साबरमती से सुबह पांच बजे रवाना होगी। उसी दिन रात 8:00 बजे ईदगाह स्टेशन पर पहुंचेगी और पांच मिनट बाद रवाना होगी।
ट्रेन का उद्घाटन विशेष संचालन 30 अक्तूबर को किया गया था। ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे। ट्रेन जयपुर, अजमेर, आबू रोड और पालनपुर समेत प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।