आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की नई गाइडलाइन ने आगरा के क्रिकेटरों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। हाल ही में जारी निर्देशों के अनुसार अब किसी भी शहर की लोकल लीग में जिले से बाहर के केवल दो खिलाड़ी ही खेल सकेंगे। इस फैसले के बाद अगले महीने प्रस्तावित मथुरा टी-20 लीग को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
दरअसल, लखनऊ प्रीमियर लीग में बाहरी खिलाड़ियों पर हुए विवाद के बाद यूपीसीए ने यह सख्त गाइडलाइन जारी की। इसका सीधा असर मथुरा टी-20 लीग पर पड़ा, जिसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। इसमें आगरा के 25 से अधिक क्रिकेटरों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। कुल लगभग 215 खिलाड़ियों ने पंजीकरण शुल्क जमा किया था। इनमें पूर्वी उत्तर प्रदेश के भी खिलाड़ी शामिल थे।
आयोजन से जुड़े रितेश शर्मा ने बताया कि फिलहाल लीग स्थगित की गई है। पंजीकरण शुल्क लौटाया जा रहा है। अब यूपीसीए की गाइडलाइन के अनुरूप ही लीग के आयोजन होंगे। आगरा के कोच प्रवेश भारद्वाज का कहना है कि मथुरा पास का जिला है और वहां आगरा के खिलाड़ियों को प्रदेश के बड़े क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर मिलता। लीग स्थगित होने से क्रिकेटर निराश हैं। आगरा और मथुरा का खेल संबंध वर्षों पुराना रहा है।