मैनपुरी। ईशन नदी के किनारे डूब क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने के लिए सोमवार शाम को एसडीएम सदर टीम के साथ पहुंचीं। यहां कारवाई शुरु होते ही महिलाएं एकत्रित हो गईं और हंगामा शुरू कर दिया। टीम के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसके बाद टीम बिना कार्रवाई के लौट गई।
शहर में ईशन नदी के किनारे कई जगह डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनियां काट दी गईं। इनमें कई मकान बन गए तो कई अधूरे पड़े हैं। श्री चांदेश्वर मंदिर के पीछे डूब क्षेत्र में किए अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने के लिए सोमवार शाम को एसडीएम सदर नवोदिता शर्मा टीम के साथ पहुंचीं। उनके साथ अवर अभियंता विनियमित क्षेत्र एसके प्रजापति, ईओ नगर पालिका लालचंद भारती और लेखपाल राजीव कुमार दुबे और मनोज गुप्ता भी थे।
जेसीबी से अवैध रूप से काटी गई कॉलोनियां में लगाई गई नींव तोडना शुरू कर दिया। जैसे ही जेसीबी अधूरे निर्माण की तरफ बढ़ी तो आसपास की महिलाएं एकत्रित हो गईं और हंगामा शुरू कर दिया। महिलाएं जेसीबी के सामने खड़ी हो गईं और टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी। मौके को देखते हुए एसडीएम सदर ने टीम को वापस लौटने के निर्देश दिए।