मैनपुरी। थाना क्षेत्र के गांव हन्नूखेड़ा पुल से काली नदी में कूदने वाली युवती की तलाश तेजी के साथ जारी है। बृहस्पतिवार को लखनऊ से आई एसडीआरएफ की टीम ने स्टीमर से तलाश की, मगर देर शाम तक पता नहीं लग सका।
गांव सिमरई निवासी स्वीटी बुधवार को अपनी दुकान पर बैठी थी, तभी मंगेतर से फोन पर बात करते हुए वह हन्नूखेड़ा पुल के पास आ गई थी। फोन पर बात करने के बाद चप्पल उतार कर स्वीटी ने काली नदी में छलांग लगा दी थी। तभी से पुलिस नदी में तलाश कर रही है। एसडीएम कुरावली नीरज दुबे व तहसीलदार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बृहस्पतिवार को लखनऊ से आई एसडीआरएफ की टीम ने स्टीमर से काली नदी में युवती की तलाश शुरू की। मगर, देर शाम समाचार लिखे जाने तक युवती का पता नहीं लग सका। उधर परिजन अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं। नदी के आसपास तलाश कर रहे हैं।