आगरा। शहर के दूसरे सबसे बड़े ईदगाह रेलवे स्टेशन पर सफाईकर्मियों की हड़ताल सोमवार को आठवें दिन भी जारी रही। तीन माह से उन्हें वेतन नहीं मिला है। बजट के अभाव में वेतन बिल भी पास नहीं हो सका। इस कारण सफाईकर्मियों ने काम बंद कर रखा है।
हड़ताल के चलते स्टेशन परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म और द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में कचरा बिखरा पड़ा है। बदबू के कारण यात्रियों को नाक-मुंह ढककर निकलना पड़ रहा है। ईदगाह स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 46 ट्रेनों का संचालन होता है। सैकड़ों यात्रियों को गंदगी और दुर्गंध के बीच सफर करना पड़ रहा है।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने समाधान के प्रयास की बात कही। उन्होंने बताया कि सफाईकर्मियों के लंबित भुगतान की व्यवस्था इंप्रेस के माध्यम से की जाएगी। कर्मचारियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी बदलने से कार्य प्रभावित हुआ है। मई माह से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है।