कासगंज। जिले में मंगलवार रात धूलभरी आंधी से सभी 14 फीडर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ऐसे में 1.5 लाख आबादी के सामने समस्या हो गई। आधा शहर रातभर अंधकार छाया रहा। बुधवार को लोगों को पानी का संकट झेलना पड़ा।
जिले में मंगलवार शाम तकरीबन सात बजे धूलभरी आंधी शुरू हो गई। आंधी के कारण बिजली की लाइनों में फॉल्ट हो गए। इसके बाद सभी फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। देररात लगभग 10 बजे आंधी के थमने के बाद विद्युत निगम ने आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की लेकिन लाइनों में फॉल्ट के चलते आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
काफी प्रयास के बाद बिलराम गेट नहर बिजलीघर से जुडे़ फीडरों पर रात्रि लगभग 12 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। वहीं प्रभु पार्क बिजली घर एवं भिटौना बिजलीघरों पर लगे फीडरों से जुडे़ क्षेत्रों में रातभर आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इससे आधे से अधिक शहर में रातभर अंधकार छाया रहा।
वहीं बुधवार सुबह लोगों को पानी का संकट झेलना पड़ा। बुधवार को प्रभु पार्क क्षेत्र के फीडर की आपूर्ति को लगभग 11 बजे बहाल हो सकी। वहीं भिटौना बिजलीघर के फीडर क्षेत्र की आपूर्ति दोपहर लगभग तीन बजे बहाल हो सकी।