राजीव अग्रवाल, महामंत्री श्री रामलीला कमेटी आगरा
आगरा। श्री रामलीला कमेटी पहली बार रामलीला मंचन को नए और भव्य स्वरूप में प्रस्तुत करने जा रही है। पहली बार प्रमुख प्रसंगों के मंचन के लिए 10 से 12 अलग-अलग भव्य सेट तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक दृश्य के अनुसार मंच सज्जा बदलेगी जिससे दर्शकों को भव्यता का अनुभव होगा।
श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि 2025 की रामलीला में प्रयोग के तौर पर दो प्रमुख प्रसंगों के लिए विशेष सेट तैयार किए गए थे। माता सीता के हरण के दृश्य में पंचवटी की कुटिया का सेट बनाया गया था, जबकि भगवान श्रीराम और हनुमान के प्रथम मिलन के प्रसंग में किष्किंधा पर्वत का भव्य सेट तैयार किया गया था। दोनों दृश्यों को देखकर दर्शकों ने बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया दी थी। इसी के आधार पर पहली बार लगभग सभी प्रमुख प्रसंगों के मंचन के लिए अलग-अलग सेट तैयार करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि राम जन्म, सीता स्वयंवर, वनगमन, पंचवटी, किष्किंधा, अशोक वाटिका, सेतु निर्माण, लंका दहन और रावण वध सहित अन्य प्रमुख मंचन के लिए 10 से 12 आकर्षक सेट तैयार किए जाएंगे। आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि प्रभाव और भव्य मंच सज्जा के बीच मथुरा की प्रसिद्ध मंडली श्री रामलीला का मंचन करेगी।
-
25 सितंबर से होगा महोत्सव का शुभारंभ
श्री रामलीला महोत्सव का शुभारंभ 25 सितंबर को गणेश पूजन एवं मुकुट पूजन से होगा। 30 सितंबर से रामलीला का मंचन शुरू हो जाएगा और आयोजन का समापन 24 अक्तूबर को ब्राह्मण भोज एवं स्वरूपों की विदाई के साथ होगा।