औंछा। शनिवार की सुबह मोपेड से मां के साथ जा रही 14 वर्षीय किशोरी ने नहर में छलांग लगा दी थी। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही है। रविवार की सुबह बारिश की वजह से नहर का बहाव और तेज हो गया है। जिस कारण गोताखोर को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना क्षेत्र के गांव विक्रमपुर निवासी अवधेश यादव की 14 वर्षीय पुत्री साक्षी दसवीं की छात्रा है। शनिवार की सुबह वह अपनी मां को मोपेड पर बैठाकर मलावन, जनपद एटा किसी भगत के पास जा रही थी। सुबह करीब 10 बजे जब वह औंछा जसराना मार्ग पर कानपुर ब्रांच नहर के पास पहुंची। तभी अचानक मोपेड रोक दी। मां से नहर में कुछ बह कर जाने की बात कही और अचानक नहर में कूद गई। आसपास खड़े लोग यह देख कर भौचक्के रह गए। पुलिस ने गोताखोर की मदद से तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग सका। रविवार की सुबह से ही तेज बारिश की वजह से नहर का बहाव और तेज हो गया। इस कारण गोताखोरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक परिजन व पुलिस किशोरी की तलाश में जुटे हुए थे।