फोटो21सोरोंजी में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर सिंगल वाले बाबा आश्रम तक जाने का मार्ग खस्ता हा
सोरोंजी। शूकर क्षेत्र की 15 किलोमीटर लंबा पंचकोसी परिक्रमा मार्ग कई जगह खराब है। इसमें से करीब 5 किलोमीटर मार्ग का तो निर्माण ही नहीं हुआ है। श्रद्धालु बेहद कष्ट सहते हुए हर एकादशी को शूकर क्षेत्र की पंचकोसी परिक्रमा लगाने को मजबूर हैं।
साल की सबसे बड़ी परिक्रमा मोक्षदा एकादशी को लगती है, जो आगामी 1 दिसंबर को पड़ रही है। इस महापरिक्रमा में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। परिक्रमा के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने अभी तक गंभीरता नहीं दिखाई है। मार्ग की दशा सुधारने का कोई प्रयास नहीं किया गया है। योगमार्ग मोहल्ले में श्मशान स्थल के पीछे से लहरा रोड तक का मार्ग कच्चा है। बरेली-मथुरा हाईवे के निर्माण कार्य के चलते भी आसपास का परिक्रमा मार्ग काफी क्षतिग्रस्त हो गया है।
हाईवे के नीचे से अंडरपास निकाला जाना जरूरी है। सेड़ू नगला गांव के पास से निकल रहे हाईवे के नीचे भी अंडर पास में कोई कार्य नहीं हो रहा। प्रेम जी की बगीची से सिंगल वाले बाबा आश्रम तक पूरा दो किमी का मार्ग कच्चा है। भागीरथी गुफा तक जाने के लिए रेलवे लाइन पार करना भी श्रद्धालुओं के लिए काफी जोखिम भरा रहता है। पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर स्थित दर्शनीय पौराणिक स्थलों के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों की गति भी काफी धीमी है। सहावर मार्ग पर सीता रसोई पर पर्यटन विभाग की ओर से कराया जा रहा कार्य भूमि विवाद के कारण रोक दिया गया है। बाछरू देव मंदिर पर पर्यटन विभाग की ओर से बनवाया जा रहा बहुउद्देशीय हाॅल भी कछुआ गति से बन रहा है। जिससे इसका लाभ इस वर्ष श्रद्धालुओं को नहीं मिल पाएगा। चेयरमैन सोरोंजी रामेश्वर दयाल महेरे ने यूपी पर्यटन विभाग को पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का सुधार और सौंदर्यीकरण कार्य कराने के लिए पत्र लिखा है।