मैनपुरी। थाना भोगांव क्षेत्र के गांव छाछा निवासी युवक को डॉक्टर के गलत उपचार से एक हाथ गंवाना पड़ा है। पीड़ित के भाई ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार ने मामले में सीएमओ को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
गांव छाछा निवासी अशोक कुमार ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में कहा है, कि भाई मेघनाथ (45) सड़क दुर्घटना में 18 अक्तूबर को घायल हो गया। उसने भाई को राधा रमन रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां दो लोगों ने खुद को चिकित्सक बताते हुए उसके भाई के उपचार की गारंटी लेते हुए 30 हजार रुपये जमा कराए। पांच दिन बाद उसके भाई को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जब वह अपने भाई को लेकर घर पहुंचा तो उसकी दिक्कत और बढ़ने लगी। वह भाई को इटावा के एक निजी अस्पताल में ले गया। चिकित्सक ने बताया कि उसके भाई के हाथ की नसें गलत जोड़ दी हैं। डॉक्टर को मेघनाथ की जान बचाने के लिए एक हाथ काटना पड़ा। जिलाधिकारी ने शिकायत के आधार पर सीएमओ को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। संबंधित अस्पताल पंजीकृत है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद जो भी स्थिति निकलकर आएगी उसके अनुसार कार्रवाई होगी। - डॉ. आरसी गुप्ता, सीएमओ