-कुल 639 विद्यार्थियों ने किया अब तक आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। विद्या ज्ञान प्रवेश परीक्षा के आवेदन की तिथि बढ़ने के बाद से आवेदनकर्ताओं की रफ्तार धीमी पड़ गई है। आवेदन के लिए सिर्फ तीन दिन का समय बचा है लेकिन अभी तक 639 छात्रों ने ही आवेदन किया है। पटियाली क्षेत्र में सबसे कम आवेदन हुए हैं।
विद्या ज्ञान प्रवेश परीक्षा 30 नवंबर को होनी है। पहले आवेदन के लिए अंतिम तिथि 25 अक्तूबर निर्धारित की गई थी। इस तिथि तक 628 आवेदन ही हुए थे। आवेदन की संख्या कम होने पर तिथि को 8 नवंबर तक बढ़ाया गया था लेकिन 10 दिन में मात्र 11 आवेदन ही बढ़ सके। अब तक कुल कुल 639 आवेदन किए गए। इनमें अमांपुर में 37, कासगंज में 82, पटियाली में 12, सहावर में 167, सिढ़़पुरा में 187, सोरोंजी में 54 और गंजडुंडवारा में 100 बच्चों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है।
परीक्षा के लिए सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालय व मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के बच्चे आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा पास करने वाले को कक्षा 6 से 12 तक निशुल्क आवासीय शिक्षा की व्यवस्था मिलेगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि तिथि बढ़ाए जाने के बाद खंड शिक्षा अधिकारियों को आवेदनों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये हैं पात्रता
- आवेदनकर्ता उत्तर प्रदेश का रहने वाला हो।
- परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये हो।
- बालक की न्यूनतम आयु 10 वर्ष, अधिकतम 11 वर्ष हो या बालक का जन्म 01 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2016 के बीच हुआ हो।
- बालिका की न्यूनतम आयु 10 वर्ष, अधिकतम 12 वर्ष हो या बालिका का जन्म 1 अप्रैल 2014 से 2016 के बीच हुआ हो।