भोगांव (मैनपुरी)। शनिवार को कालिंदी एक्सप्रेस से कस्बा में उर्स में शामिल होने आ रहे मेरठ निवासी वृद्ध की भोगांव स्टेशन पर मौत हो गई। उनके सीने में अचानक दर्द उठा था। परिजन अंतिम संस्कार के लिए मेरठ ले गए।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला मिर्धा निवासी राधेश्याम सक्सेना के बड़े दामाद अशोक कुमार (60) निवासी तेजी कालोनी कबाड़ा बाजार कोतवाली सदर मेरठ में रह रहे थे। वहां फास्ट फूड का ठेल लगाते थे। करीब 30 साल से वह कस्बा में हाजी अब्दुल गनी मौलवी साहब की मजार पर आयोजित उर्स में शामिल होने आते थे।
शुक्रवार को वह मेरठ से पत्नी मीरा के साथ पहुंचे थे। भोगांव स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। जब तक पत्नी कुछ समझ पाती उनकी मौत हो गई थी। पति की मौत के सदमे में मीरा बेसुध हो गईं तो मदद के बहाने आया कोई मृतक की जेब से 15 हजार की नकदी पर्स आदि चुरा ले गया। पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए मेरठ ले गए।