मैनपुरी। शहर के आगरा रोड बाईपास पर शुक्रवार की सुबह पैदल घर जा रहे एक ट्रांसपोर्ट संचालक से अपाचे सवार बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। युवक ने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के श्रंगार नगर निवासी रीतेश चौहान ट्रांसपोर्ट संचालक हैं। शुक्रवार की सुबह वह आगरा रोड बाईपास स्थित ट्रांसपोर्ट से मोबाइल पर बात करते हुए पैदल ही घर जा रहे थे। जब वह बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तभी पीछे से अपाचे सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया।
जब तक वह कुछ समझ पाते बदमाश सिंधिया तिराहा की ओर भाग निकले। रीतेश के शोर मचाने पर वहां लोग एकत्र हो गए। बदमाशों का कुछ दूर तक पीछा भी किया लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। जिसके बाद पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की। इंस्पेक्टर कोतवाली अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।