कासगंज। रविवार को सुबह से ही वातावरण में धुंध छा गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक का स्तर तेजी के साथ बढ़ गया। इसका कारण प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के विशेषज्ञ भी नहीं जान पाए हैं। वे इस कारण को जानने के लिए दिन भर पर्यवेक्षण करते रहे। रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 152 माइक्रो प्रति घनमीटर पर रहा।
कोरोना काल के दौरान हुए लॉक डाउन में हवा कुछ हद तक सुधर रही थी। बारिश होने के बाद प्रदूषण से काफी हद तक मुक्ति मिली। इस बीच रविवार को अचानक वातावरण में बदलाव आ गया। सुबह से ही धुंध छा गई। यह धूल नहीं थी बल्कि धुएं की तरह थी। शहरी से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक छाई रही। यह धुंध श्वास रोगियों के लिए मुसीबत ना बढ़ा दे, इससे मरीज घरों में रहे। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे थे। कोई इसे बीते दिनों आए चक्रवात की देन बता रहा था।