आगरा। शाहगंज के शंकरगढ़ की पुलिया में ग्राहक बनकर आए एक्टिवा सवार दो बदमाश सराफ से पांच अंगूठियां छीनकर ले गए। सराफ के शोर मचाने पर लोग जुट गए। बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वो हाथ नहीं आ सके। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
बालाजीपुरम निवासी सुनील कुमार की शंकरगढ़ की पुलिया पर जेवरात की दुकान है। सुनील ने बताया कि रविवार दोपहर पिता रमेश चंद दुकान पर बैठे हुए थे। तभी दो युवक एक्टिवा से आए। इनमें से एक दुकान के अंदर आ गया, जबकि दूसरा एक्टिवा स्टार्ट करके खड़ा रहा।
दुकान में आए युवक ने रमेशचंद से कहा कि आपके बेटे सुनील से अंगूठी के लिए बात हुई थी। वह अंगूठी लेना चाहता है। इस पर रमेशचंद ने तिजोरी खोलकर पांच अंगूठियां निकालीं। वह अंगूठी का पैकेट काउंटर पर रखने वाले थे, इससे पहले ही बदमाश पैकेट हाथ से छीनकर एक्टिवा पर बैठ गया। रमेश चंद ने शोर मचाया, लेकिन बदमाश शंकरगढ़ की पुलिया से आगे की तरफ भाग गए।
लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वो हाथ नहीं आ सके। सुनील ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। इनमें घटना कैद हो गई है। पुलिस फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है। अंगुठियों की कीमत तकरीबन 50 हजार रुपये है। सीओ लोहामंडी एएसपी सत्यनारायण ने बताया कि ग्राहक बनकर आए बदमाशों ने वारदात की है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रेकी के बाद अंजाम दी वारदात
बदमाशों ने रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया। क्योंकि उन्होंने रमेशचंद से सुनील का नाम लिया था। उनकी दुकान पर सुनील का नाम लिखा हुआ है। इससे आशंका है कि बदमाशों ने नाम पहले देख लिया था। वह सुनील के दुकान पर नहीं रहने का इंतजार कर रहे थे। पिता से जाते ही उनका नाम लिया। इससे पिता ने समझा कि बेटा दोनों को जानता होगा। उन्होंने अंगुठियां थमा दीं।