कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव नगला डंबर में मंगलवार देर रात बदमाशों ने भैंस चोरी कर ली। पशुपालक ने पीछा किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। लोगों ने घेराबंदी की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव नगला डंबर निवासी महाराज सिंह मंगलवार रात घेर में बंधे पशुओं की रखवाली करने के लिए सोए हुए थे। इसी घेर में उनका भतीजा गोविंद और गांव का ही उसवीर (20) पुत्र महेश सोया हुआ था। रात लगभग 12 बजे तीन बदमाश घेर में घुस आए और महाराज सिंह की भैंस खोलकर ले जाने लगे। आहट होने पर तीनों पशुपालक जाग गए। बदमाशों का पीछा करने के लिए उसवीर ने मोबाइल से टॉर्च जलाई तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। सिर में गोली लगने से उसवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
गोली की आवाज सुन ग्रामीण भी जाग गए और घटनास्थल की तरफ दौड़े। वहीं बदमाश खुद को घिरता हुए देखकर भैंस छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। देर रात तक ग्रामीणों ने आसपास खेतों में बदमाशों को तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सूचना पर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। थाना सिकंदरपुर वैश्य के प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के पिता महेश चंद्र ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सर्दी में बढ़ जाती हैं पशु चोरी की घटनाएं
कासगंज। सर्दी के मौसम में पशु चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। पहले भी पशु चोरों और ग्रामीणों के बीच आमना सामना होता रहा है। सिढ़पुरा क्षेत्र में कई बार पशु चोरी कर ले जा रहे पशु चोरों ने ग्रामीणों पर हमला बोला है। सीओ पटियाली ने बताया कि सर्द मौसम में पुलिस को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। रात में थाना प्रभारी और संबंधित चौकी व हल्का इंचार्ज गश्त करेंगे। अपराधियों पर पूरी तरह नियंत्रण का प्रयास है। संवाद