कासगंज। आवास विकास कालोनी क्षेत्र में लूट और चोरी की घटनाएं नहीं थम रही हैं। मंगलवार को क्षेत्र के राज कोल्ड स्टोर के निकट आवास -विकास कालोनी में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले पर झपट्टा मार कर उसके गले में पड़ी चेन तोड़ ली। घटना के वक्त महिला पति के साथ बाइक पर जा रही थी। घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
मंगलवार को पति के साथ बाइक से जा रही कालोनी निवासी अर्चना के गले से झपट्टा मारकर चेन बदमाशों ने तोड़ ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवारों की चेकिंग की। मामले की तहरीर अर्चना ने कासगंज थाने में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगना जरूरी है। शहर की आवास-विकास कालोनी में कुछ माह पूर्व भी यहां एक महिला के गले से दिन दहाड़े बदमाशों ने चेन तोड़ ली थी। इसके बाद सेक्टर दो स्थित एक जज के आवास में चोरों ने चोरी का प्रयास किया।
थाना प्रभारी सिद्धार्थ तोमर ने बताया घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जा रही है।