कासगंज। क्षेत्र के एक गांव में तीन दिन पूर्व युवती से खेत पर जाते समय दुष्कर्म की कोशिश का मामले में पुलिस ने न्यायालय के समक्ष युवती के कलमबंद बयान दर्ज कराए हैं।
एक गांव में तीन दिन पूर्व एक युवती अपने खेत में काम करने जा रही थी। तभी रास्ते में गांव के ही अनिल ने युवती को रास्ते में रोक कर उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म करने की कोशिश की। युवती ने बचाव में चीख पुकार की। आवाज सुनकर गांव के ही एक युवक ने युवती को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। घटना के कुछ समय बाद अनिल, अतर सिंह, ओमप्रकाश, जसवीर, पुष्पेंद्र, नितेश ने युवती को बचाने वाले युवक को लाठी डंडों से पीट दिया था। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर युवती का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और उसके वीडियो बयान रिकार्ड किए। मंगलवार को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष युवती को पेश कर उसके कलमबंद बयान दर्ज कराए हैं। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे हैं। थाना प्रभारी सिद्धार्थ तोमर ने बताया न्यायालय के समक्ष युवती के बयान दर्ज कराए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही हैं। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।