फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ताला-चाबी गैंग से रहें सावधान: आगरा में शातिरों ने असिस्टेंट प्रोफेसर के घर को बनाया निशाना, नकदी-जेवर किए पार

Thu, 17 Feb 2022 01:44 AM IST
आगरा ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

आगरा में ताला-चाबी गैंग के शातिरों ने फिर वारदात की है। इस बार गैंग ने कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर के घर को निशाना बनाया और नकदी-जेवर चुराकर रफूचक्कर हो गए। 
विज्ञापन
सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के खंदारी स्थित इंजीनियर्स कॉलोनी में आगरा कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर रणवीर सिंह के घर में चाबी बनाने के बहाने दो बदमाशों ने अलमारी से 2.95 लाख रुपये और तकरीबन 2.05 लाख के गहने पार कर लिए। घटना का पता दूसरे दिन चला। पीड़ित ने थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश में लगी है।

 

रणवीर सिंह ने बताया कि 14 फरवरी को वो कॉलेज गए थे। घर में पत्नी नीरज और बच्चे थे। दोपहर में तकरीबन 3:15 बजे साइकिल पर एक युवक आया। वह ताला-चाबी बनवाने के लिए आवाज लगा रहा था। उसने सिर पर कपड़ा बांध रखा था। पत्नी ने बच्चे की टॉय बाइक की चाबी बनवाने के लिए उसे घर के अंदर बुला लिया। इसी बीच उसका दूसरा साथी भी आ गया। उन्होंने नीरज से किसी ताले की पुरानी चाबी मांगी। इस पर उन्होंने अलमारी की चाबी दे दी। ताले की चाबी देने पर लंबी चाबी मांगने लगे। इस पर पत्नी अलमारी की चाबी ले आईं, जिसे उन्होंने खराब कर दिया। टॉय बाइक का ताला ठीक कर दिया।

शातिरों ने ऐसे की वारदात

नीरज के नाराज होने पर दोनों शातिर अलमारी की दूसरी चाबी बनाने की कहने लगे। चेक करने के बहाने दोनों जिस कमरे में अलमारी रखी थी, वहां पहुंच गए। काफी देर तक चाबी को सही करने का प्रयास करते रहे। उन्होंने नीरज से कभी पानी तो कभी तेल मांगा। वो दोनों को पानी और तेल देती रहीं। इसी बीच रणवीर सिंह भी आ गए। उन्होंने दोनोें को देखा तो वो नाराज हो गए। उन्हें घर से बाहर कर दिया। वो चाबी बनाने के रुपये लेकर चले गए।

विज्ञापन
विज्ञापन

दूसरे दिन अलमारी की तिजोरी खोली तो उसमें रखे 2.95 लाख रुपये और जेवरात नहीं थे। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। रणवीर सिंह ने बताया कि रकम उन्होंने गाड़ी खरीदने के लिए रखी थी। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों के चेहरे नजर आ रहे हैं। थानाध्यक्ष न्यू आगरा अरविंद कुमार निर्वाल का कहना है कि फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

न्यू आगरा में यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी एक घर में चाबी बनाने के बहाने घुसे दो बदमाश गहने और रुपये लेकर चले गए थे। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया था। अब पुलिस लोगों को सावधान रहने की सलाह दे रही है। अगर, ताला-चाबी बनाने वाला घर में आए तो उस पर नजर रखें। जिस अलमारी का ताला या चाबी सही कराना है, उसमें से रकम, जेवरात और कीमत सामान निकाल लें। उनके काम करते समय परिवार का एक सदस्य देखता रहे। हर किसी को अपने घर में नहीं बुलाएं। जानकार कारीगर को ही बुलाएं, जिससे चोरी होने पर आरोपी को पकड़ा जा सके।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें