मैनपुरी। दो दिन पूर्व तारीख पर दीवानी कचहरी आए फिरोजाबाद निवासी युवक ने ससुरालीजनों पर बंधक बनाने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को वह एक रिश्तेदार के आने के बाद छूटा। उसने कोतवाली पहुंच कर शिकायत दी। वहीं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
जनपद फिरोजाबाद के कृष्णा नगर जलेसर रोड निवासी संजय कुमार की शादी 27 जून 2020 को शहर के आगरा रोड निवासी युवती के साथ हुई थी। शुक्रवार को उसने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी। बताया कि कुछ दिन पहले पत्नी उसे थाने में बंद कराने के बाद जेवर आदि लेकर मायके आ गई थी। उसके खिलाफ दीवानी में एक मुकदमा दायर करा दिया था। 22 दिसंबर 2021 को वह अपनी गाड़ी से दीवानी कचहरी में उक्त मामले में तारीख पर आया था।
आरोप है कि यहां ससुरालीजनों ने उसे मारापीटा और अपने घर पर लाकर दो दिन तक बंधक बनाए रखा। शुक्रवार को जब संजय के मामा का बेटा आया, तब वह ससुरालीजनों के चंगुल से छूट सका। इसके बाद कोतवाली पहुंच कर तहरीर देकर सकुशल घर भिजवाए जाने की बात कही। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।