किशनी। कस्बा के सदर बाजार स्थित एक घर में सोमवार की दोपहर छत पर कपड़े सुखाने गई बालिका को करंट लग गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के सदर बाजार निवासी राजेंद्र गुप्ता की 12 वर्षीय पुत्री परी सोमवार की दोपहर करीब एक बजे छत पर कपड़े सुखाने के लिए गई थी। कपड़े डालते समय वह किसी तरह बिजली के तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गई। करंट लगने के बाद बालिका बेसुध होकर गिर गई। परी जब काफी देर तक नीचे नहीं आई तो परिजन उसे देखने के लिए छत पर आए। वहां परी को जमीन पर बेसुध पड़ा देखा। परिजन उसे लेकर निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे वहां चिकित्सक द्वारा बालिका को मृत घोषित कर दिया गया। परी माता पिता की इकलौती संतान थी।