आगरा में तांतपुर कस्बा क्षेत्र के गांव नगला मनोहर में आर्थिक तंगी से परेशान एक किसान ने मंगलवार की दोपहर खुद पर केरोसिन उड़ेलकर आग लगा ली।
गुरुवार की सुबह सवाई मानसिंह अस्पताल, जयपुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों का कहना है कि सब्जी मंडी में टमाटर का उचित दाम नहीं मिलने से परेशान किसान ने यह कदम उठाया है।
थाना बसई जगनेर के गांव नगला मनोहर निवासी दिवारीलाल कुशवाह (32) पुत्र पंचम सिंह मंगलवार की सुबह टमाटर की दो डलिया (करीब 30 किलो) लेकर सब्जी मंडी गए थे।
वहां दोनों डलिया सिर्फ 260 रुपये में बिकीं। जिससे परेशान हाल दिवारीलाल ने टमाटरों के जो पैसे मिले, उनकी शराब पी ली। दोपहर के समय जब वह घर पहुंचे तो पत्नी और बच्चों ने कहा कि घर में खाने के लिए कुछ नहीं है।
आप बाजार से कुछ लेकर आए ? यह सुनकर दिवारीलाल कुछ नहीं बोले और कमरे में घुस गए। उन्होंने कमरे में रखा केरोसिन अपने ऊपर उड़ेलकर आग लगा ली। पत्नी और बच्चों ने चीखपुकार मचाते हुए उन्हें बचाने की कोशिश की।
शोर सुनकर पड़ोसी भी पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह आग बुझाकर उपचार के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां हालत गंभीर देखते हुए सवाई मानसिंह अस्पताल, जयपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
इसलिए था परेशान
जयपुर में गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे दिवारीलाल की मौत हो गई। गुरुवार देरशाम शव घर पर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। घर में दिवारीलाल की पत्नी और चार बच्चे हैं।
मृतक के पिता ने बताया कि केनरा बैंक से दिवारीलाल ने लगभग सवा लाख रुपये का कर्ज ले रखा था। कुछ कर्ज प्राइवेट भी था। तीन बीघा टमाटर की फसल से कर्ज चुकाने की सोच रहा था। लेकिन उपज की उचित कीमत नहीं मिलने से वह परेशान रहने लगा था।