टूंडला (फिरोजाबाद)। रिश्तेदारी में आए एक युवक की बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव गांव के बाहर पेड़ पर शर्ट के सहारे लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या कर शव को लटकाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आगरा के थाना निबोहरा अंतर्गत गांव लायकपुरा निवासी 28 वर्षीय प्रीतम सिंह पुत्र रामजीत बुधवार सुबह थाना नगला सिंघी के गांव नगला केशों अपनी रिश्तेदारी में आया था। रात करीब 8:30 बजे उसका शव नगला बलिया नाले के समीप नीम के पेड़ पर शर्ट के सहारे लटका मिला। पास ही उसकी उसकी बाइक खड़ी हुई थी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके पास से मिले कागजातों के आधार पर शव की पहचान की। सूचना पर परिजन भी मौके पर आ गए। मृतक के भाई कमलेश ने नगला केशों की ही एक महिला पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि एक महिला से उसके भाई के संबंध थे। उसे फोन कर महिला के घर बुलाया था। वह अपने दोस्त की पल्सर बाइक लेकर गांव महिला से मिलने आया था।
उसके बाद उसकी हत्या कर घटना को खुदकुशी का रूप देने के लिए पेड़ पर लटका दिया है। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक के पत्नी सविता व चार बच्चे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। थाना प्रभारी कमला शंकर का कहना है कि मामला खुदकुशी का है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।