कासगंज। मामो स्थित कोरोना अस्पताल से सोमवार को हुई ऑक्सीजन प्लांट के पाइपलाइन की चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अस्पताल के संविदा कर्मचारियों ने ही कॉपर की पाइपलाइन चोरी की थी। पुलिस ने गिरफ्तार किए तीन चोरों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है।
सीओ आरके तिवारी ने बताया कि बीती तीन जुलाई को मामो स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय में बने कोविड-19 आइसोलेशन वार्ड और पीआईसीयू वार्ड को ऑक्सीजन सप्लाई करने के लिए लगाए गए कॉपर पाइप की चोरी हो गई। इस घटना के खुलासे के लिए एसपी मनोज सोनकर ने कासगंज कोतवाली की टीम लगाई। टीम में कोतवाली प्रभारी विनोद मिश्रा और उपनिरीक्षक कुलदीप शर्मा शामिल किए गए।
मुखबिर द्वारा सोमवार शाम सूचना मिली कि संयुक्त जिला चिकित्सालय मामो की ओर जाने वाली सड़क पर तीन संदिग्ध खड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने अशोक नगर निवासी शशि, कबीर, सोरों के मोहल्ला कटरा निवासी मोनू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने पुलिस को बताया कि वे संयुक्त जिला चिकित्सालय में संविदाकर्मी हैं और चिकित्सालय में कार्य करते हैं। सीओ ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से कॉपर पाइप के 56 टुकड़े बरामद किए गए हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेजा गया है।