शौरीपुर में गिरनार शिखर संग भगवान नेमिनाथ का प्रतिष्ठा उत्सव शुरू
बाह। जैनधर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ की जन्म कल्याणक भूमि शौरीपुर में उनके सर्वोच्च ज्ञान एवं मोक्ष स्थल जूनागढ़ के गिरनार पर्वत का 41 फीट ऊंचा मॉडल तैयार हुआ है। गिरनार शिखर और भगवान नेमिनाथ का प्रतिष्ठा उत्सव शनिवार स्नात्र पूजा एवं कुंभ स्थापना के साथ शुरू हुआ।
श्री श्वेतांबर तीर्थ ट्रस्ट के प्रवक्ता विनीत गोलेच्छा ने बताया कि स्नात्र पूजा में काव्यात्मक श्लोकों के माध्यम से भगवान नेमिनाथ का स्मरण कर विश्व शांति एवं जीवन में पवित्रता की प्रार्थना की गई। इसके पवित्रता एवं आध्यात्मिक ऊर्जा के प्रतीक कुंभ (कलश) की स्थापना की गई। कलशों से जलाभिषेक कर आत्म-नियंत्रण एवं शुद्धि की प्रार्थना की गई। 12 फरवरी तक चलने वाले उत्सव की शुरूआत पर शौरीपुर में भगवान नेमिनाथ का मंदिर मंत्रों से गूंज उठा। प्रतिष्ठा उत्सव में आगरा के अलावा अहमदाबाद, दिल्ली, ग्वालियर, भोपाल, मुंबई के श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। प्रवक्ता ने बताया कि 9 फरवरी को माणेकम स्तंभ तोरण के साथ नवग्रह पूजन होगा। 10 फरवरी को 18 अभिषेक विधान हाेगा। 11 फरवरी को गिरनार शिखर में प्रभु प्रवेश एवं प्रतिष्ठा विधान होगा। 12 फरवरी को द्वार उद्घाटन और 70 भेदी पूजा होगी। इस दौरान सुष्मिता बेन, शालू बेन, रिषांक जैन आदि मौजूद रहे।