मैनपुरी। विकासखंड मैनपुरी के गंाव कुचेला और भागपुर में बुधवार को कांग्रेस ने किसान चौपाल लगाई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनीता शाक्य ने कहा किसानों की एकजुटता से केंद्र सरकार घबरा रही है। किसान संगठनों में फूट डालने की कोशिश की जा रही है। अपनी मांगों को लेकर तीन महीने से आंदोलन कर रहे किसानों की बात सरकार नहीं सुन रही है।
जिलाध्यक्ष ने कहा भाजपा सरकार में किसान परेशान है। केंद्र सरकार किसानों के प्रति गंभीर नहीं है। सरकार की ओर से बनाए गए कृषि कानूनों से किसान चिंतित है। नए कृषि कानूनों से किसानों को नुकसान और पूंजीपतियों को लाभ होगा। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनवाने वाले किसान ही भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा परेशान हैं।
कांग्रेस किसानों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ रही है। कांग्रेस अभियान चलाकर किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी। उन्होंने कहा पंचायत चुनाव के लिए कार्यकर्ता तैयारी करें। विधानसभा चुनाव 2022 के लिए बूथ कमेटियों का गठन करके सक्रिय कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाए। इस मौकेे पर संकोच गौड़, मनोज शाक्य, धारम सिंह, राजेंद्र सिंह, मोहनलाल, सत्यप्रकाश, देवेंद्र सिंह मौजूद रहे।