कासगंज। ग्राम मोहनी मामूरगंज के पात्र गृहस्थी के कार्डधारक को अपने गांव के डीलर की शिकायत करने का खामियाजा भुगतना पड़ गया। आपूर्ति विभाग ने उसकी समस्या तो दूर नहीं की बल्कि उसका राशन ही सूची से काट दिया। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है।
ग्रामीण वेदराम सिंह का पात्र गृहस्थी योजना के तहत राशन कार्ड बना हुआ है। उसके बेटे सत्यप्रकाश ने राशन डीलर द्वारा कार्ड के तीन यूनिट के राशन की 15 किलो मात्रा के स्थान पर कम राशन देने तथा राशन के 36 रुपये के स्थान पर अधिक धन लेने की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कर दी। इस शिकायत के कुछ दिन बाद उससे शिकायत निस्तारण के संबंध में जानकारी मांगी गई। उसकी समस्या का समाधान न होने पर उसने वास्तविक स्थिति बता दी।
इस तरह से दो बार और जानकारी की गई लेकिन उसने शिकायत का निस्तारण न होने पर वास्तविक स्थिति बता दी। इससे एआरओ कार्यालय पर तैनात कर्मी छिड़ गया। उसने इसके बाद पीड़ित के बेटे के फोन पर अभद्रता का व्यवहार किया। इसके साथ ही उसका नाम सूची से काट दिया गया। जब फरवरी माह का राशन लेने के लिए परिजन डीलर के पास पहुंचे तो उसका राशनकार्ड काट दिए जाने की जानकारी मिली। इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी एवं जिलापूर्ति अधिकारी से की गई है।