कुरावली (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में रविवार की शाम नहर पुल गैलानाथ के पास एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। हादसे में वृद्धा सहित चार लोग घायल हो गए। वृद्धा ने सोमवार को फतेहगढ़ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
कन्नौज के सौंरिख निवासी अवनीश कुमार रविवार की शाम कार से कहीं जा रहे थे। उनके साथ परिवार के अरुण कुमार, सौरभ और वृद्धा चंपा देवी निवासी गांव लहचोर थाना जैथरा एटा भी थीं।
कार जब थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर नहरपुल गैलानाथ के पास पहुंची, तभी अचानक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी चार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पुलिस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहीं वृद्धा चंपा देवी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। सोमवार को फतेहगढ के एक अस्पताल में इलाज के दौरान वृद्धा ने दम तोड़ दिया। वहीं अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।