इरादतनगर। कस्बा में हलवाई की दुकान से समोसे-चटनी लेकर जा रही महिला पर झपट्टा मारकर निराश्रित सांड़ ने समोसे-चटनी के साथ थैली में रखे 1200 रुपए भी खा गया। यह घटना कस्बा में चर्चा का विषय बनी हुई है।
रविवार को महाव निवासी मुन्नी देवी कस्बा में सामान खरीदने के लिए आई हुई थी। सामान खरीदने के बाद हलवाई की दुकान से समोसे खरीदे। हलवाई ने समोसे और चटनी थैली में पैक करके दे दिए। मुन्नी देवी ने 1200 रुपए समोसा और चटनी की थैली में ही रख दी। कुछ दूर चलते ही थैली पर झपट्टा मारते हुए सांड़ ने समोसे-चटनी के साथ की थैली को ले गया। मुन्नी देवी के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने सांड़ से थैली छुड़ाने का काफी प्रयास किया। लेकिन सांड़ ने थैली को मुंह में दबाकर खा गया। बाद में लोगों को मालूम हुआ कि सांड़ ने थैली में रखे समोसे-चटनी के साथ उसमें रखे 1200 रुपए भी खा लिए। तब गरीब महिला ने लोगों से कहा कि बड़ी मुश्किल से मेहनत मजदूरी करके 1200 रुपये इकट्ठा करके बाजार से सामान खरीदने आई थी।