भोगांव (मैनपुरी)। गांव बरौली निवासी एक युवक ने बृहस्पतिवार की सुबह कालिंदी एक्सप्रेस के सामने कूद कर जान दे दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव को बठिहा (कंडों का ढेर) में डालकर जला दिया। मौके पर पुलिस को कुछ नहीं मिला। मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई।
थाना क्षेत्र के गांव बरौली निवासी 42 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र वंशी लाल ने बृहस्पतिवार की सुबह जीवनपुर-बरौली रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। जानकारी मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। किसी ने पुलिस को भी सूचना दे दी। पुलिस के आने से पहले ही परिजनों ने क्षत विक्षत हो चुके शव को बठिहा में जला दिया। पुुलिस ने जब पूछताछ की तो गांव वालों ने बताया कि तीन दिन पूर्व युवक गृह क्लेश से तंग आकर निकल गया था। सुबह फर्रुखाबाद की ओर से आने वाली कालिंदी एक्सप्रेस के आगे कूद कर जान दे दी। मृतक की पत्नी कुंती देवी ने बताया कि पति ने खुदकुशी नहीं की है। उनकी हत्या की गई है। उसको पति का मुंह भी नहीं देखने दिया।
-----------
सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तब तक शव पूरी तरह से जल चुका था। परिजनों से तहरीर देने के लिए कहा था, लेकिन किसी ने तहरीर नहीं दी। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
रविंद्र बहादुर सिंह, प्रभारी निरीक्षक, भोगांव