किशनी। विधूना मार्ग पर पूर्व चेयरमैन के भट्ठा पर ठेकेदार नहा रहा था। तभी एक बाइक सवार तीन युवक वहां आए और कुर्ता उठाकर ले गए। कुर्ता में 22 हजार की नकदी और मोबाइल रखा हुआ था। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
कस्बा निवासी पूर्व चेयरमैन हाकिम सिंह यादव का विधूना मार्ग पर ईंट भट्ठा है। शुक्रवार की सुबह मजदूरों का ठेकेदार मोहम्मद शाहिद निवासी सलारपुर कलां संभल नहा रहा था। ठेकेदार ने अपना कुर्ता पास ही रखी कुर्सी पर रख दिया। कुर्ता में 22 हजार रुपये व मोबाइल रखा हुआ था। इस बीच एक बाइक पर सवार होकर आए तीन युवक कुर्सी पर रखा कुर्ता उठाकर भाग गए। बाइक सवारों को भागता देख ठेकेदार ने बाल्टी मारकर रोकने की कोशिश की लेकिन बाइक सवार हाथ नहीं आ सके। चेयरमैन पुत्र शरद यादव के भट्ठा पर आने के बाद ठेकेदार न जानकारी दी। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और बाइक सवारों की तलाश की लेकिन कोई पकड़ में नहीं आ सका। भट्ठे पर लगे सीसीटीवी से भी पुलिस को कोई मदद नहीं मिल सकी। बिजली न आने के चलते वह बंद थे। पुलिस अब बाइक सवारों की तलाश कर रही है।