साइबर क्राइम करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।
- फोटो : सोशल मीडिया
आगरा में साइबर अपराधियों ने युवक को मोबाइल पर सिम ब्लॉक होने का मैसेज भेजकर उसका बैंक खाता साफ कर दिया। दो खातों से हजारों की रकम निकाल ली गई। पीड़ित ने मामले में आईजी ऑफिस में शिकायत की, जिसके बाद मुकदमा दर्ज हो सका।
थाना शाहगंज के वायु विहार निवासी उमाशंकर शर्मा के मोबाइल पर सिम ब्लॉक होने का मैसेज भेजकर दो खातों से 89,800 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। इसमें पांच महीने बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस विवेचना कर रही है।
मोबाइल पर आया था मैसेज
उमाशंकर शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर 17 फरवरी को मैसेज आया था। इसमें सिम ब्लॉक होने के बारे में लिखा था। एक नंबर भी दिया हुआ था। अधिक जानकारी के लिए नंबर पर कॉल करने के लिए लिखा था। उन्होंने सिम ब्लॉक करने का कारण पूछने के लिए कॉल कर दिया।
10 रुपये के रिचार्ज करने के लिए कहा
कॉल रिसीव करने वाले ने खुद को बीएसएनएल का कर्मचारी बताया। कहा कि वह दस रुपये का रिचार्ज कर दें। इसके बाद उनके दो खातों से 89,800 रुपये कट गए। मैसेज आने पर पता चला। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मगर, मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। बाद में आईजी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई। इस पर थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस को आशंका है कि मोबाइल को हैक करके रकम निकाली गई है। विवेचना की जा रही है।