आगरा। रकाबगंज पुलिस ने दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने के मामले में पांच आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। एक आरोपी गोली लगने से घायल है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। चोरों के कब्जे से एक तमंचा, एक ई-रिक्शा और चोरी के 1.71 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि 1 सितंबर को दुकानदार शोभराज ने तहरीर दी थी। उनकी बिजलीघर स्थित शिवाजी मार्केट में कपड़ों की दुकान है। 31 अगस्त की रात चोरी हुई थी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की पहचान की। शुक्रवार रात चोर पीडब्लूडी तिराहे के पास खंडहर में जुटे थे। पुलिस को देखते ही फायरिंग करने लगे।
जवाबी कार्रवाई करते हुए काजीपाड़ा तलैया निवासी मुकेश उर्फ चूचू, बरहन के नया बांस निवासी अशोक चौहान, धूलियागंज निवासी मुकेश बघेल, सुनील कुमार और अर्जुन नगर निवासी दीपक बंसल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मुकेश उर्फ चूचू पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद उन्होंने आरोपी दीपक के घर पर रुपयों का बंटवारा किया था। सभी को 80-80 हजार दिए गए और मुकेश उर्फ चूचू ने 2 लाख रुपये लिए थे।