आगरा। खेल सिर्फ जीत-हार का मैदान नहीं बल्कि हौसलों की वह उड़ान है जहां बेटियां अपने सपनों को नए पंख देती हैं। साहस, समर्पण और नारी शक्ति की इसी भावना को समर्पित 20वें मून स्कूल ओलंपिक्स का आगाज 11 अक्तूबर को कर्टेन रेजर समारोह के साथ होगा।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होंगी। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया अध्यक्षता करेंगी। रिया अस्थाना मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस वृहद खेल महाकुंभ की मेजबानी दिल्ली पब्लिक स्कूल (ताज सिटी) करेगा। अमर उजाला मीडिया पार्टनर और द इंटरनेशनल स्कूल वेन्यू पार्टनर हैं।
300 से अधिक स्कूलों के खिलाड़ी रचेंगे इतिहास
27 अक्तूबर से 3 नवंबर तक चलने वाले इस खेल उत्सव में 300 से अधिक विद्यालयों के 15 हजार से ज्यादा युवा खिलाड़ी अपना हुनर दिखाएंगे। एथलेटिक्स, फुटबॉल, बैडमिंटन, तैराकी, बास्केटबॉल, कराटे, वुशु, शूटिंग और योग समेत कुल 23 खेलों में स्पर्धाएं होंगी। खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए 21 खेलों के खिताब, 9 ओवरऑल चैंपियनशिप, 79 ट्रॉफियां और 1500 से अधिक पदक दांव पर होंगे।
आयोजन समिति की अध्यक्ष डॉ. बीना लवानिया ने बताया कि मून स्कूल ओलंपिक्स के इस 20वें पड़ाव को अपनी बेटियों के नाम करना हमारे लिए गर्व की बात है। मुख्य संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल ने बताया कि यह निरंतर यात्रा आगरा में एक नई खेल संस्कृति की नींव मजबूत कर रही है। चेयरमैन रजत अस्थाना व मुख्य संयोजक हरीश सिंह ने बताया कि यह बच्चों में टीमवर्क और नेतृत्व की भावना जगाने का माध्यम है। कन्वीनर बबीता पाठक ने बताया कि दो दशकों की यह गौरवशाली यात्रा इस बार बेटियों के सशक्तीकरण, समान अवसर और आत्मसम्मान का एक मजबूत संदेश देगी।
समारोह के मुख्य आकर्षण- ओलंपिक्स के आधिकारिक शुभंकर ‘चिंकी’ का अनावरण किया जाएगा।
- मून ओलंपिक एंथम की गूंज के बीच खेल की पवित्र अग्नि ‘मशाल’ प्रज्वलित की जाएगी।