टूंडला (फिरोजाबाद)। शुक्रवार देर शाम आए आंधी-तूफान ने टूंडला के लाइनपार क्षेत्र में जमकर कहर वरपाया। दीवार, पेड़ों के नीचे दबकर 12 से अधिक पशुओं की मौत हो गई। वहीं टिनशेड, झोंपड़ी आदि गिरने से कई लोग घायल हो गए। इसके साथ ही क्षेत्र में विद्युत खंभे ट्रांसफार्मर सहित टूटकर गिर गए।
आंधी-तूफान से लाइनपार क्षेत्र में थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव भीकनपुर-बझेरा, बालमपुर, गढ़ी थानी, ठार मानसिंह, रामगढ़, गदलपुरा, वासदानी, कोट कसौंदी व रसूलाबाद एवं थाना टूंडला के गांव अनवारा, नगला केशों सहित कई गांवों में आंधी-तूफान से भारी नुकसान हुआ है। गांव गढ़ी थानी में दीवार गिरने से राजवीर बाबा घायल हो गए व विनोद कुमार व दयाराम के छप्पर, टिनशेड उड़ गए।
गांव बालमपुर के ब्रज मोहन की पेड़ गिरने से भैंस मर गई। ठार मानसिंह में मानिकचंद के घर की दीवार गिर जाने से परिजन घायल हो गए। सूूदरसिंह व मुरारीलाल की टिनशेड उड़ गई। गदलपुरा स्थित ठार चांदेश्वर पर रामदास के पक्के मकान का बरामदा गिरने से उसकी मां शांति देवी घायल हो गईं। उच्च प्राथमिक विद्यालय भीकनपुर बझेरा की चहारदीवारी गिर गई और मुख्य गेट टूट गया। गांव में विद्युत ट्रांसफार्मर पोल सहित जमीन पर गिर जाने से विद्युत व्यवस्था भंग हो गई।
कोट कसौंदी सीयरदेवी मंदिर पर दो मोरों की मौत हो गई। गांव बजहेरा की ठार रामगढ़ में सरमन सिंह के मकान की दीवार धराशाई हो गई। गांव गार्डन में रामबहादुर की झोंपड़ी उड़ गई तथा पांच बकरियां मर गईं गांव भीकनपुर में गंगाराम की तीन बकरियां मर गईं रसूलाबाद में पूरन सिंह के चार पशु पेड़ के नीचे दबकर घायल हो गए। गांव वासदानी में श्रीचंद्र की वाउंड्रीवाल गिरने से भैंस मर गई।
थाना टूंडला क्षेत्र के गांव केशोराय में नारायन सिंह के मकान पर नीम का पेड़ गिरने से चाहर दीवार, मकान पर पड़ी टिनशेड ध्वस्त हो गई। सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपालों ने तूफान से हुए नुकसान का आकलन किया है।
आंधी-तूफान में कुछ पशुओं की मौत हुई है तथा कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। इसके साथ ही कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है। विद्युत पोल भी टूटे हैं। लेखपाल क्षति का आकलन कर रहे हैं।
डॉ. गजेंद्रपाल सिंह, तहसीलदार, टूंडला