कोसीकलां। दो ठग एक वृद्ध को दुकान में बिठा कर साठ हजार का सामान लेकर भाग गए। बाद में दुकानदार ने वृद्ध से पूछताछ की तब उसे मामले की जानकारी हुई। उसने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंगलवार दोपहर में दो युवक एक बुजुर्ग के साथ थाना रोड स्थित मुकेश पंडित की प्रोवीजन स्टोर पर पहुंचे। वहां उन्होंने एक शादी समारोह के लिए करीब साठ हजार रुपये का सामान पैक करवा लिया। इसके बाद वे सामान रखने कुछ दूरी पर खड़े वाहन में चले गए और वापस ही नहीं आए। काफी देर तक नहीं लौटने पर दुकानदार ने उनके साथ आए बुजुर्ग से पूछताछ की।
तो उसने बताया कि वह तो उन्हें सब्जी मंडी में ही मिले थे। वे उसे यह कहते हुए यहां ले गए कि ताऊ हमें आपने नहीं पहचाना वे गांव जाव के हैं। कुछ सामान खरीदना है आप भी चलो और दुकान पर बिठा दिया। बुजुर्ग ने अपना नाम बाबू निवासी गांव लालपुर बताया। दुकानदार ने पुलिस बुला ली। पुलिस ने बुजुर्ग को पूछताछ को लिए हिरासत में ले लिया। मामले को लेकर पीड़ित दुकानदार मुकेश ने लिखित तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।
16 सौ रुपये की प्याज ले भागे युवक
कोसीकलां। सब्जी मंडी में मंगलवार दोपहर में दो युवक लालाराम मार्ग निवासी डब्बू की सब्जी की ठेल पर पहुंचे और उससे 1600 रुपये की प्याज तुलवा ली। इसके बाद उन्होंने लहसुन व अदरक देने को कहा। इसी दौरान वह प्याज लेकर भाग गए। काफी खोजबीन के बाद युवकों का पता नही लग सका।