बेवर। नवीगंज के रहने वाले कपड़ा व्यवसायी की मौत ह्दयगति रुकने (हार्ट अटैक) की वजह से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। व्यवसायी की मौत के बाद बड़े बेटे ने छोटे भाई और उनकी पत्नी पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया था। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के नवीगंज निवासी प्रयांक गुप्ता ने थाने में तहरीर दी थी। बताया था कि 11 जनवरी की रात को छोटे भाई और उनकी पत्नी ने मिल कर पिता रामशंकर गुप्ता को पीटा है। जिस वजह से उनकी मौत हुई है। आरोप लगने के बाद पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया था। रविवार को रिपोर्ट सामने आने के बाद आरोप पर विराम लग गया। छोटे बेटे व उनकी पत्नी पर लगे आरोप को पोस्टमार्टम रिपोर्ट गलत साबित कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने इस मामले में जांच व आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।