कासगंज/सिढ़पुरा। प्राथमिक विद्यालय सुनवई में दूसरे के प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी करते पकड़े जाने के बाद बर्खास्त किए शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सिढ़पुरा पुलिस ने एटा रोड पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के निकट से उसे गिरफ्तार किया है।
मैनपुरी के कुरावली चंदाई निवासी पिंकू उर्फ सवेद्र यादव सिढ़पुरा के सुनवई प्राथमिक विद्यालय में सुनील कुमार यादव निवासी आवास विकास कॉलोनी एटा के नाम से जारी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी कर रहा था। विभाग ने नौ अक्तूबर 2020 को फर्जीबाड़ा सामने आने के बाद बर्खास्त कर दिया। शिक्षक के खिलाफ 6 मार्च 2021 को प्राथमिकी दर्ज की कार्रवाई की गई। इसके बाद से शिक्षक फरार चल रहा था।
शिक्षक के फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी करते पकड़ जाने के बाद उसकी सेवाएं समाप्त कर विभाग ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। - राजीव यादव, बीएसए
वांछित अपराधियों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी करने वाले शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। - विनोद कुमार, थाना प्रभारी सिढ़पुरा