फिरोजाबाद जिले में शनिवार की सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे ने कोहराम कचा दिया। कोहरे के कारण एक के बाद एक 18 वाहनों के टकराने से चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई। जबकि 25 लोग घायल हो गए। 11 घायलों को सैफई रेफर किया गया। शेष घायल सिरसागंज सीएचसी और मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद के लिए रेफर किए गए। पुलिस ने सुरक्षित यात्रियों को घटना स्थल से गंतव्य के लिए भेजने की व्यवस्था की।
शनिवार को सुबह करीब सात बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 76 पर हादसा हुआ। घने कोहरे के कारण कार चालक कार को एक्सप्रेसवे किनारे रोककर शीशा साफ कर रहा था, पीछे से तेज रफ्तार आ रही प्राइवेट बस ने कार में टक्कर मार दी। कार चालक की नजर बस पर पड़ी तो वह सामने से हट गया था।
आगरा मंडल में कोहरे का कहर, दोनों एक्सप्रेसवे पर कई वाहन टकराए, दर्दनाक हादसों से सहमे लोग
बस के टकराते ही पीछे आ रही दो कार स्विफ्ट डिजायर एवं एक अन्य कार बस में पीछे से घुस गई। कारों के यात्री उतर ही पाए थे कि इसके बाद पीछे से एक डीसीएम कारों को टक्कर मारते हुए बस में घुसी। इसके बाद तो वाहनों के टकराने का सिलसिला करीब आधा घंटे तक चलता रहा। एक एबुलेंस के साथ-साथ तीन बस पीछे से टकराई। इनके पीछे एक-एक करके कारें आपस में टकरा गई।
एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों के टकराने के कारण एक साइड पूरी तरह से बंद हो गई। यूपीडा की एंबुलेंस गंभीर रूप से घायल हुए 11 लोगों को सैफई पीजीआई ले गईं। जबकि 15 लोगों को सीएचसी सिरसागंज पर भेजा गया। इनमें से छह घायलों को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। यहां राजस्थान के चित्तौड़गढ़ थाना सदर के सैंती निवासी बस चालक भरत (35) पुत्र चुन्नीलाल सेन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।