औंछा। थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह पड़रिया चौराहा के पास कार की टक्कर लगने से टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी को घिरोर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने चालक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना घिरोर क्षेत्र के मोहल्ला फर्रास निवासी 24 वर्षीय आकाश गुप्ता टेंपो चालक था। वह बृहस्पतिवार को टेंपो लेकर घिरोर कुरावली मार्ग पर भगवंतपुर की ओर आ रहा था। पड़रिया चौराहा के पास टेंपो को कार ने टक्कर मार दी। चालक आकाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार चला रहा 25 वर्षीय दीपू, 16 वर्षीय भूरी, 50 वर्षीय मुनीमा बेगम, 18 वर्षीय अरमान और 20 वर्षीय नाजिदा निवासी गांव मधन घायल हो गए। घटनास्थल पर एकत्र हुए लोगों ने कार सवार घायलों को बाहर निकलवाने के साथ अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने टेंपो चालक के शव को जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी में भिजवाया।