आगरा में मंगलवार को बारिश के बाद बुधवार और गुरुवार सुबह से आगरा घने कोहरे के आगोश में रहा। देश के सबसे घने कोहरे वाले शहरों में से एक आगरा रहा, जहां दृश्यता शून्य हो गई। यही नहीं, प्रदेश में सबसे ठंडा शहर भी आगरा ही रहा।
घने कोहरे के साथ तापमान में भी सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। इससे पूरे दिन गलन और ठिठुरन बनी रही। पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के बाद चली सर्द हवाओं ने लोगों को बुधवार को बेहाल कर दिया।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक सुबह घना कोहरा छाए रहने और तापमान में कमी के आसार हैं। बुधवार को आगरा पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा शहर रहा। दोपहर एक बजे तक यहां सूरज के दर्शन ही नहीं हुए। दोपहर बाद धूप निकली, लेकिन शीतलहर से परेशान लोगों को राहत नहीं दे सकी।
अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री नीचे 16.3 डिग्री पर रहा, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री नीचे 7.2 डिग्री पर रहा। मंगलवार को शहर में 1.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जिसके बाद आर्द्रता काफी होने से बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा।