ट्रांस यमुना काॅलोनी से दोस्तों संग गया युवक लापता हो गया। परिवार के लोगों ने अनहोनी की आशंका जताई है। आरोप है कि दोस्तों ने उसे यमुना में धक्का दे दिया। पुलिस किशोर की तलाश में जुटी हुई है।
आगरा के ट्रांस यमुना काॅलोनी से अंकुर गुप्ता (17) शुक्रवार को लापता हो गया। परिजन ने 24 घंटे तक उसकी तलाश की। पर, कहीं नहीं मिलने पर पुलिस को जानकारी दी। दोस्तों पर यमुना में धक्का देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस दोस्तों से पूछताछ कर रही है। एक का आपराधिक इतिहास है।
विज्ञापन
डी-92, ट्रांस यमुना काॅलोनी निवासी अंकुर इंदौर में अपने चाचा के साथ लहसुन-प्याज का काम करता है। वह 26 सितंबर को घर आया था। परिजन ने बताया कि 27 सितंबर को गोली सिसौदिया उर्फ कटप्पा ने उसे फोन किया। अंकुर जेब में 20 हजार रुपये लेकर और सोने की चेन पहने चला गया। इसके बाद लौटकर नहीं आया। फोन भी स्विच ऑफ हो गया।
उसके दोस्तों ने जानकारी होने से इन्कार कर दिया। गोलू के परिजन ने बताया कि सभी यमुना में नहाने गए थे। इसके बाद क्या हुआ, कोई नहीं जानता। इस पर अंकुर के परिजन थाना एत्माद्दौला पहुंचे। कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने बताया कि मोहल्ले के कुछ युवकों ने अंकुर के यमुना में नहाते समय लापता होने की बात कही है। रविवार को पुलिस गोताखोरों से तलाश कराएगी।