सैंया। घरेलू सामान खरीदने बुधवार की शाम जोधापुरा आए धाना गांव के 12 वर्षीय छोटू की किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने सैंया-खेरागढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने समझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
परिजनों के मुताबिक छोटू पुत्र शिवसिंह बुधवार की शाम करीब सात बजे जोधापुरा कुछ सामान खरीदने गया था। जोधापुर पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। छोटू सात भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पिता पिता किसान हैं। उसकी चचेरी बहन की बृहस्पतिवार को शादी भी है।
वहीं हादसे के बाद जाम की सूचना पर क्षेत्राधिकारी खेरागढ़ भरत कुमार पांडेय और सैंया इंस्पेक्टर फोर्स के साथ पहुंचे। सीओ ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया। वहीं जाम के कारण सैंया-खेरागढ़ मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। जाम खत्म होने के बाद भी पुलिस को यातायात दुरुस्त कराने में काफी देर तक पसीना बहाना पड़ा था। संवाद