आगरा के अछनेरा कस्बा के एक मोहल्ले में शोहदे को बिजली के खंभे में बांधकर पीटा गया। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची, युवक को छुड़ाकर थाने ले गई। मगर, मामले को दबाए रखा। बुधवार को वीडियो वायरल होने पर लोगों को पुलिस की करतूत का पता चला। हालांकि पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार ने कोई तहरीर नहीं दी है।
घटना सोमवार दोपहर की है। थाना क्षेत्र में स्थित एक काॅलोनी में परचून दुकानदार का परिवार रहता है। घटना वाले दिन 15 वर्षीय बेटी दुकान पर बैठी थी। परिजन का आरोप है कि तभी शेखान मोहल्ला निवासी दो युवक आए। एक युवक दुकान पर आकर खड़ा हो गया। दूसरा दूर ही खड़ा रहा। दुकान पर युवक पहले भी आ चुका था, इससे किशोरी ने कुछ नहीं कहा।
अचानक युवक ने किशोरी का हाथ पकड़ लिया। शोर मचाने पर उसे अपने साथ खींचने की कोशिश की। आवाज सुनकर मां-पिता और माैसी आ गईं। उन्होंने युवक को पकड़ लिया। वह मारपीट करते हुए भागने लगा। इस बीच शोर सुनकर 20-25 लोग आ गए। भीड़ ने युवक को पकड़ा और बिजली के खंभे से बांध दिया। इसके बाद उसकी डंडे से पिटाई लगाई।
इस दाैरान कुछ लोग युवक का वीडियो भी बनाते रहे। करीब 15 मिनट बाद सूचना पर पुलिस पहुंची। युवक को छुड़ाकर थाने ले गई। आरोपी का साथी भाग गया। थाना प्रभारी का कहना है कि किशोरी के परिजन ने तहरीर नहीं दी।
मोहल्ले में बाहरी का जमावड़ा
लोगों ने बताया कि मोहल्ले में बाहरी युवक चक्कर काटते हैं। आए दिन छेड़खानी करते हैं। पुलिस गश्त नहीं करती है। कई बार घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है।
थाने पर बनाया समझौते का दबाव
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया गया था। वह कार्रवाई कराना चाहते थे। जब वो थाने गए तो आरोपी पक्ष के लोगों ने समझौते का दबाव बनाया। इससे वह लोग तहरीर दिए बिना ही थाने से लौट आए। बाद में पुलिस ने जानकारी लेना भी उचित नहीं समझा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद से परिवार दहशत में है।
सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर घटना के दो वीडियो वायरल हुए हैं। एक वीडियो में युवक को महिला बाल पकड़कर खींच रही है। वह बचने का प्रयास कर रहा है। महिलाएं चीख रही हैं। दूसरे वीडियो में तीन पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं। वह युवक से बात कर रहे हैं। आसपास लोगों की भीड़ लगी हुई है।
युवक का किया गया चालान
छेड़छाड़ का मामला संज्ञान में आया था। युवक को पकड़कर शांति भंग में चालान किया गया है। उसे एसीपी कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया। पीड़ित परिवार से तहरीर देने के लिए कहा गया है। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-अतुल शर्मा, डीसीपी पश्चिमी जोन